सागर , मार्च 25 -- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में चीतों के पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सॉफ्ट रिलीज बोमा का विधिवत भूमिपूजन किया।

कूनो नेशनल पार्क में चीता परियोजना की सफलता के बाद अब वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व को चीतों के नए बसेरे के रूप में विकसित किया जा रहा है। सॉफ्ट रिलीज बोमा तकनीक के तहत चीतों को नए वातावरण में ढालने के लिए विशेष बाड़े तैयार किए जाते हैं, जहां उन्हें प्रारंभिक निगरानी में रखा जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना वन्यजीव संरक्षण को मजबूत करने के साथ-साथ बुंदेलखंड क्षेत्र में इको-टूरिज्म और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। उन्होंने कहा कि कूनो के बाद अब यह टाइगर रिजर्व चीतों की गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार थलचर, नभचर और जलचर सभी प्रकार के जीवों के संरक्षण के लिए मिशन मोड में कार्य कर रही है। उनके अनुसार जंगल की वास्तविक सुंदरता वहां के वन्यजीवों से ही होती है।

विशेषज्ञों के अनुसार वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व का पर्यावरण और घास के मैदान चीतों के लिए अनुकूल हैं, जिससे यहां पुनर्वास की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, विधायक बृज बिहारी पटेरिया, प्रदीप लारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं वन अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित