अंबिकापुर , फरवरी 07 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशों तथा कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की सात तारीख को रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में अंबिकापुर विकासखंड की ग्राम पंचायत हर्राटिकरा में यह आयोजन हुआ।
जिला जन सम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) से मिली जानकारी के अनुसार,इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 'मजबूत कानून, सुरक्षित अधिकार' के संदेश के साथ वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025 का व्यापक प्रचार-प्रसार रहा। नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा शासकीय योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में अधिनियम से संबंधित जागरूकता पर्चे वितरित किए गए।
ग्राम पंचायत हर्राटिकरा की सरपंच अमृता पैंकरा ने बताया कि इस संयुक्त आयोजन में ग्रामीणों को वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025 की विस्तृत जानकारी दी गई। रोजगार दिवस के अंतर्गत लोगों को 125 दिन के रोजगार के प्रावधान, कार्यों, मजदूरी भुगतान तथा रोजगार मांग पंजीयन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
आवास दिवस के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा की गई। हितग्राहियों को निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया। लंबित किश्तों की स्थिति पर चर्चा करते हुए केवाईसी पूर्ण कराने और 07 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्माण कार्य में आने वाली तकनीकी एवं सामग्री संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों तथा स्थानीय भागीदारों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के टोल फ्री नंबर 1800-233-1290 की जानकारी भी साझा की गई, ताकि हितग्राही किसी भी समस्या के निराकरण हेतु त्वरित संपर्क कर सकें। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित