धार , जनवरी 11 -- मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित करते हुए कृषि को उद्योग और रोजगार से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन की गारंटी वीबी-जी रामजी योजना के तहत कृषि आधारित उद्योगों को नया विस्तार मिलेगा और किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जाएगा। यह बात प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने धार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

रविवार को धार में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, क्षेत्रीय सांसद सावित्री ठाकुर और भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती ने वीबी-जी रामजी योजना की विस्तृत जानकारी दी। विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री के ग्राम स्वराज, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए मध्यप्रदेश सरकार 15 विभागों की संयुक्त कार्ययोजना बनाकर कृषि को रोजगार और उद्योग का सशक्त माध्यम बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि योजना का विरोध करने के बजाय तथ्यों के आधार पर चर्चा करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष घोषित कर औद्योगिक विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं और अब वर्ष 2026 में कृषि को उद्योग और रोजगार से जोड़कर समग्र विकास की दिशा में काम किया जाएगा। यह सुधार प्रक्रिया का अहम हिस्सा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। यह योजना वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में सहायक होगी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है, जबकि मनरेगा में केवल 100 दिन का प्रावधान है। यह योजना ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने, आजीविका सुदृढ़ करने और पारदर्शी विकास को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना ग्रामीण क्षेत्र के समुचित विकास में अहम भूमिका निभाएगी। इसके प्रचार-प्रसार के लिए जिला संगठन द्वारा मंडल स्तर पर जनजागरण टोली बनाई जाएगी, ताकि योजना की जानकारी आमजन तक पहुंच सके।

पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, गायत्री पुरोहित और रवि पाटीदार भी मंचासीन रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित