मनेंद्रगढ़/एमसीबी, फरवरी 02 -- छत्तीसगढ़ में मनेंद्रगढ़ जिले के पोड़ी थाना प्रभारी पर एक व्यापारी के साथ वाहन चेकिंग के दौरान गाली-गलौज एवं धमकाने का आरोप लगा है। यह घटना तब सामने आई जब पीड़ित व्यापारी द्वारा थाना प्रभारी के व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो में थाना प्रभारी को गाली देते और धमकाते हुए देखा जा सकता है।
इस लिखित शिकायत और वायरल वीडियो को आधार मानते हुए पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी थाना प्रभारी निरीक्षक जवाहर लाल गायकवाड़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्हें रक्षित आरक्षी केंद्र, मनेंद्रगढ़ में अटैच कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, थाना पोड़ी की अतिरिक्त जिम्मेदारी साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले को सौंपी गई है। वहीं, सब-इंस्पेक्टर पूरनचंद्र राजवाड़े को थाना चिरमिरी से थाना पोड़ी में स्थानांतरित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी तत्काल नए कार्यस्थल पर ड्यूटी संभालें।
इस प्रकरण में पुलिस प्रशासन की तरफ से त्वरित एवं सख्त कार्रवाई ने जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि संबंधित सभी विभागों को भेजी गई है ताकि निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित