श्रीनगर , दिसंबर 11 -- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अनधिकृत यात्रा के आरोप में हिरासत में लिये गये 29 वर्षीय चीनी नागरिक को बुधवार शाम वापस नयी दिल्ली भेज दिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
सूत्रों ने गुरूवार को बताया चीन के शेनज़ेन गुआंगडेंग के रहने वाले इस व्यक्ति की पहचान लुकाल्फो बेहु उर्फ हू कोंगताई के रूप में हुई है। वह 19 नवंबर को पर्यटक वीज़ा पर नयी दिल्ली आया था। उसे सिर्फ वाराणसी, आगरा, नई दिल्ली, जयपुर, सारनाथ, गया और कुशीनगर जाने की इजाज़त थी। इसके बावजूद वह एक दिसंबर को कश्मीर गया, जिसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने वीज़ा उल्लंघन के लिए उससे पूछताछ की।
चीनी नागरिक को बडगाम ज़िले के हुमहामा में फ्रेंड्स एन्क्लेव स्थित होमस्टे हाउस रोज़ कॉटेज से हिरासत में लिया गया। उसका मोबाइल फ़ोन जांच के लिए ज़ब्त कर लिया गया और कश्मीर से वापस भेजने से पहले उसे लौटा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि चीनी नागरिक ने कथित तौर पर बाज़ार से एक भारतीय सिम कार्ड भी खरीद लिया था।
कोंगताई ने पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं को बताया कि वह एक पर्यटक के तौर पर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख भी गया था। एक अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर में उसने हरवान में प्राचीन बौद्ध स्थल, शंकराचार्य पहाड़ी, हज़रतबल दरगाह और मुग़ल गार्डन का दौरा किया।"उन्होंने आगे कहा, "शुरुआती जांच के बाद उसे कल शाम श्रीनगर से दिल्ली भेज दिया गया।"इस बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस ने चीनी नागरिक के रुकने की जानकारी छिपाने के आरोप में होमस्टे मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि होटलों, गेस्ट हाउसों और होमस्टे की नियमित जांच के दौरान, रोज़ कॉटेज, फ्रेंड्स एन्क्लेव, हुमहामा में एक गंभीर उल्लंघन का पता चला।
पुलिस के एक बयान में कहा गया है, "यह पाया गया कि होमस्टे मालिक ने अनिवार्य सूचना के बिना एक विदेशी नागरिक को ठहराया था। उन्होंने जानबूझकर फॉर्म सी जमा नहीं किया था, जो विदेशी नागरिकों के रजिस्ट्रेशन के लिए ज़रूरी है। आईवीएफआरटी के तहत फॉर्म-सी पोर्टल पर प्रतिष्ठान के विवरण की पुष्टि करने पर, यह और पता चला कि उक्त होमस्टे/गेस्ट हाउस पर्यटन विभाग के साथ रजिस्टर्ड नहीं था, जबकि विदेशी मेहमानों को ठहराने के लिए यह अनिवार्य है।"बयान के अनुसार होमस्टे मालिक के खिलाफ पुलिस स्टेशन बडगाम में इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित