मोतिहारी , अप्रैल 07 -- िश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर पूर्वी चंपारण में 71वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मोतिहारी कैंप पीपराकोठी एवं सभी सीमा चौकियों पर योग शिविर का आयोजन किया गया। एसएसबी के समादेष्टा प्रफुल्ल कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में "स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग" थीम को केंद्र में रखा गया।
यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 के 12वें संस्करण की 100 दिन की उलटी गिनती की शुरुआत के रूप में भी मनाया गया। शिविर में जवानों, अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों और बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, सर्वांगासन, योगमुद्रासन, उदराकर्षण, स्वस्तिकासन, गोमुखासन, गोरक्षासन, कपालभाती, भ्रामरी, ताड़ासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
अधिकारियों ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक तनाव, शारीरिक रोग और असंतुलित दिनचर्या आम हो गई है। ऐसे में योग एक सरल, प्रभावी और प्राकृतिक उपाय के रूप में उभर रहा है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक सोच भी प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, तनाव और अनिद्रा जैसी समस्याओं से राहत मिलती है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर जीवन को अनुशासित और संतुलित बनाता है।
इस अवसर पर उप समादेष्टा संतोष कुमार, सतीश कुमार गुप्ता, सहायक कमांडेंट शिवांगिनी राय सहित अन्य अधिकारी, जवान और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को "योग अपनाएं, निरोग जीवन पाएं" का संदेश दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित