उदयपुर , फरवरी 08 -- राजस्थान में झीलों की नगरी उदयपुर में वेदांता उदयपुर विश्व संगीत महोत्सव- 2026 के अंतिम दिन रविवार को प्रतिष्ठित खुले मंचों पर भारतीय और अंतरराष्ट्रीय संगीत का समृद्ध संगम देखने को मिला।

हिंदुस्तान ज़िंक के सहयोग से और सहर संस्थान द्वारा परिकल्पित एवं प्रस्तुत यह महोत्सव, पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में अपनी 10 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा का समापन सांस्कृतिक आदान-प्रदान और संगीत विविधता का उत्सव मनाती प्रस्तुतियों के साथ किया।

महोत्सव के अंतिम दिन की शुरुआत मांझी घाट (अम्ब्राई घाट) पर आयोजित संगीत प्रस्तुतियों के साथ हुई, जहाँ दर्शकों को दिन की एक शांत और भावपूर्ण शुरुआत का अनुभव मिला। सत्र की शुरुआत सिद्धार्थ बेलमन्नु ने हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति से की, जिसने श्रोताओं को सुकून भरे और चिंतनशील वातावरण में ले गया। इसके बाद स्पेन से आए फ्रॉम फ़ादर टू सनरू फ़्लैमेंको की प्रस्तुति हुई-एक ऐसी विरासत जो पीढ़ियों से आगे बढ़ती आई है। उन्होंने घाट पर स्पेनिश फ़्लैमेंको की आत्मीय परंपराओं को जीवंत किया, जहाँ ताल, सुर और भावनाओं का सुंदर संगम झील के शांत वातावरण के बीच देखने को मिला।

महोत्सव में फ़तेह सागर पाल पर दोपहर हुई प्रस्तुतियों ने दिन में गहराई और वैश्विक रंग जोड़ा। पोलैंड के वोलोसी ने पोलिश लोक संगीत की अपनी ऊर्जावान व्याख्या से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दोपहर के सत्र का समापन इंडियन ओशन की प्रस्तुति से हुआ, जो भारतीय फ़्यूज़न रॉक के अग्रदूत हैं। लोक, रॉक और आध्यात्मिक तत्वों के उनके विशिष्ट मिश्रण ने झील के किनारे मौजूद दर्शकों से गहरा जुड़ाव बनाया।

महोत्सव का समापन शाम छह बजे गांधी ग्राउंड पर आयोजित प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जहाँ जोश से भरपूर और समकालीन संगीत ने उत्सव को सजीव अंत दिया। स्पेन के फ़्लैमेंको ड्रीम ने स्पेनिश जैज़ और पॉप के अपने उत्साहपूर्ण मिश्रण के साथ शाम की शुरुआत की। इसके बाद चिली के कैल माम्बो ने लैटिन तालों के ऊर्जावान संगम से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। फेस्टिवल की अंतिम प्रस्तुति देश के प्रसिद्ध संगीतकार और लाइव परफ़ॉर्मर अमित त्रिवेदी की रही, जिनकी लोकप्रिय बॉलीवुड रचनाएँ, विशिष्ट संगीत शैली और ऊर्जा से भरपूर जीवंत प्रदर्शन ने सुर और लय का शानदार संगम पेश किया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों की ज़बरदस्त भागीदारी सुनिश्चित करते हुए वेदांता उदयपुर विश्व संगीत महोत्सव -2026 का भव्य और प्रभावशाली समापन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित