सागर , नवंबर 19 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप जी. आर. ने विधानसभा क्षेत्र 041 सागर के चार बीएलओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 का कार्य जारी है। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र 041 सागर में मैपिंग कार्य हेतु बीएलओ नियुक्त किए गए थे, जिनमें शरद मिश्रा कर संग्राहक नगर निगम सागर मतदान केन्द्र क्रमांक 95, श्रीमती राधा शुक्ला आशा कार्यकर्ता मतदान केन्द्र क्रमांक 207, भूपेन्द्र साहू कर संग्राहक नगर निगम सागर मतदान केन्द्र क्रमांक 68 और अंजली अहिरवार आंगनवाड़ी सहायिका मतदान केन्द्र क्रमांक 05 शामिल हैं।
इन सभी बीएलओ द्वारा सर्वे कार्य में गंभीर लापरवाही किए जाने की पुष्टि हुई है। कलेक्टर के अनुसार यह आचरण कर्तव्य के प्रति घोर उपेक्षा, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का उल्लंघन तथा अनुशासनहीनता को दर्शाता है।
इस कृत्य को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना गया है। इस आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के नियम 9 के तहत सभी चारों बीएलओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित