नई दिल्ली , अक्टूबर 7 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविन्द केजरीवाल ने नयी दिल्ली में जिस तरह अपने लिए विशाल सरकारी बंगला आवंटित कराया है उससे सार्वजनिक जीवन में उनकी बची खुची साख भी चली गयी है।

श्री सचदेवा ने एक बयान में कहा, ' केजरीवाल ने "आप" मुखिया होने का दांव चल कर दिल्ली के सबसे बड़े बंगलों में से एक 95 लोधी एस्टेट खुद को आवंटित करवा लिया। विडम्बना देखिए कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाते हथियाये शीशमहल से बेदखल होने के ठीक आठ माह बाद उन्होंने आज बड़ा बंगला ले लिया।'उल्लेखनीय है कि उन्हें यह बंगला राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त दल के प्रमुख होने के आधार पर आवंटित किया गया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा , '' दिल्ली एवं देश की जनता ने केजरीवाल को अपने इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन एवं 2013 विधानसभा चुनाव लड़ते समय दिखाये राजनीतिक आदर्शों को पूरी तरह त्यागते हुए देखा। भ्रष्टाचार में लिप्त अरविंद केजरीवाल सरकार को ही नहीं खुद अरविंद केजरीवाल को भी चुनाव हरा कर दिल्ली की जनता ने उन्हे सत्ता से बेदखल किया था।"उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों ने केजरीवाल सरकार की हार की पृष्ठभूमि तैयार की उनमें सबसे बड़ी भूमिका रही केजरीवाल द्वारा कोविड काल में अवैध अनैतिक रूप से बनाये शीशमहल बंगले की रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित