अहमदाबाद , जनवरी 07 -- पश्चिम एवं मध्य रेलवे महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ साबरमती-कलोल-महेसाणा-पालनपुर रेल खंड का बुधवार को विस्तृत निरीक्षण किया।
मंडल रेल प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि भारतीय रेलवे द्वारा रेल संरक्षा एवं आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में निरंतर अग्रसर विभिन्न विकासात्मक एवं संरक्षा संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान साबरमती से पालनपुर के बीच रेलवे ट्रैक, लेवल क्रॉसिंग, छोटे एवं प्रमुख पुलों, पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग, सेक्शन कर्व्स तथा विभिन्न संरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की गई।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों के साथ संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा भी की गई। कलोल, महेसाणा एवं पालनपुर स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। साथ ही मास्टर केबिन, बुकिंग काउंटर, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम सहित विभिन्न आधारभूत संरचना कार्यों का निरीक्षण किया गया।
साबरमती-कलोल खंड के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या 240 (एसपीएल) का गहन निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त कलोल रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रगति पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी जायजा लिया गया।
डांगरवा स्टेशन यार्ड में पॉइंट्स संख्या 107 (किमी 743/294) तथा कर्व संख्या 116 की संरक्षा जांच की गई। साथ ही प्रमुख पुल संख्या 965 डीएन (कॉम्पोज़िट गर्डर) का निरीक्षण किया गया। खारी नदी पर स्थित मेजर ब्रिज संख्या 965 (किमी 719/28-8) तथा पी-वे गैंग संख्या 13 एवं 14 का निरीक्षण किया गया। इस दौरान श्री गुप्ता ने गैंगमैनों से संवाद कर कार्य के दौरान उपयोग किए जा रहे सेफ्टी उपकरणों- जैसे सेफ्टी शूज, जैकेट एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता एवं समय पर आपूर्ति की जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित