हरिद्वार , अप्रैल 13 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के कोतवाली रानीपुर पुलिस ने "ऑपरेशन प्रहार" के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए विवाह समारोह से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गयी मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्वालापुर निवासी शहजाद अंसारी ने शनिवार को ई-एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया कि 10 अप्रैल को सलेमपुर में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी।
मामले में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सुरागरसी, पतारसी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए रविवार रात जांच के दौरान नहर पटरी से जमालपुर जाने वाले कच्चे मार्ग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम वसीम (27) है और वह सलेमपुर गांव को रहने वाला है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने शादी समारोह में भीड़ का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसे बेचने के लिए ज्वालापुर ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है और विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित