सीहोर , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले की इछावर तहसील के ग्राम बबड़िया नोआबाद में विवाह समारोह के बाद आयोजित भोज में शामिल लोगों में फूड प्वाइजनिंग की घटना सामने आई है, जिसमें 200 से अधिक लोग बीमार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात आयोजित कार्यक्रम में लगभग 1200 से अधिक लोगों ने भोजन किया था। देर रात इनमें से करीब 200 से अधिक लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिसके बाद बड़ी संख्या में मरीज इछावर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने लगे।

अचानक बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने पर जिला स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद विभाग ने तत्काल टीम इछावर रवाना की और जिला अस्पताल में इमरजेंसी कॉल कर डॉक्टर, पैरामेडिकल और नर्सिंग स्टाफ को बुलाया गया। साथ ही दो वार्ड फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित मरीजों के लिए आरक्षित किए गए।

इछावर से मिली जानकारी के अनुसार 50 से अधिक मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है, जबकि करीब 15 मरीज इछावर स्वास्थ्य केंद्र में और 2 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हैं। कुछ मरीजों के निजी अस्पतालों में इलाज कराने की भी जानकारी सामने आई है।

उधर एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई है और समारोह में परोसे गए भोजन के नमूने जांच के लिए लिए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में भर्ती अधिकांश मरीज अधिक उम्र के हैं, जिन पर फूड प्वाइजनिंग का प्रभाव अधिक पड़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित