फिरोजाबाद , मई 4 -- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रविवार रात जारी तबादला सूची में फिरोजाबाद के जिलाधिकारी रमेश रंजन का स्थानांतरण कर उन्हें राजस्व परिषद में अपर आयुक्त (भूमि व्यवस्था) के पद पर तैनात किया गया है। उनके स्थान पर महाराजगंज के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को फिरोजाबाद का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में तहसीलदार राखी शर्मा द्वारा जिलाधिकारी रमेश रंजन पर भ्रष्टाचार तथा भूमि संबंधी मामलों में अनैतिक दबाव बनाने के आरोप लगाए गए थे। यह विवाद मीडिया में व्यापक रूप से चर्चा में रहा, जिससे शासन की छवि पर भी प्रभाव पड़ा। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया था।
इसी क्रम में तहसीलदार राखी शर्मा पर अनुशासनहीनता के आरोप में कार्रवाई करते हुए उन्हें पहले ही राजस्व परिषद से संबद्ध किया जा चुका है। अब जिलाधिकारी रमेश रंजन का भी तबादला कर उन्हें अपेक्षाकृत कम महत्व के पद पर भेजा गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस चर्चित प्रकरण की जांच लखनऊ मंडल के आयुक्त को सौंपी गई है। शासन स्तर पर मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित