अलीराजपुर , नवंबर 15 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि विपक्ष ने आदिवासी अंचल को केवल वोट बैंक समझकर खूब लूटा-खसोटा और आदिवासियों के गौरवशाली अतीत को सामने नहीं आने दिया।
डॉ यादव यहां आयोजित राज्य स्तरीय "जनजातीय गौरव दिवस" समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जनजातीय भाई बहनों द्वारा बनाए गए जैकेट की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने अंग्रेजों की तोप और बंदूक के सामने तीर-धनुष से लड़ने वाले इस वीर जनजातीय समाज को प्रणाम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परमात्मा ने अलीराजपुर को प्राकृतिक सौंदर्य की अनमोल देन दी है। जंगल, पेड़, नदियाँ, झरने, पहाड़ियाँ और इनके बीच ताड़ी के पेड़ का आनंद अलग ही है।
उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा का स्मरण करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने अपने स्वार्थ के कारण अनेक अत्याचार किए। खून की नदियाँ बहा दीं, जल-जंगल-जमीन और धर्म पर अन्याय किया तथा गरीबी थोप दी। भगवान बिरसा मुंडा को ज़हर देकर हत्या की और टंट्या मामा को फाँसी दी। जनजातीय समाज ने जीवन और मृत्यु के बीच खड़े होकर भी मौत से आँख में आँख डालकर बात करने का साहस दिखाया है।
इसी क्रम में उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष ने आदिवासी अंचल को केवल वोट बैंक समझकर लूटा-खसोटा। विपक्षी हमारे गौरवशाली इतिहास को जनता के सामने नहीं आने देते। झाबुआ-अलीराजपुर क्षेत्र में छीतू किराड़े जी ने संघर्ष के बल पर 7,000 लोगों की फौज तैयार की और भीषण लड़ाई लड़ी। हमने छीतू किराड़े जी की प्रतिमा का अनावरण कर उनके गौरवशाली इतिहास को जीवंत किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी अंचल में जब हम अपने नायकों की जयंती मनाते हैं तो हमारे लिए वही दिवाली, दशहरा और भगोरिया का आनंद होता है। हम अपने आदिवासी नायकों के जन्मोत्सव मनाते हैं तो कुछ लोगों को यह भी तकलीफ़ होती है।आज यहाँ 250 करोड़ रुपये के 156 से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया गया है।
इस के साथ ही उन्होंने उड़द और सोयाबीन में पीला मोजैक और कीट रोग लगने के कारण 45 करोड़ रुपये के मुआवज़े की घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित