जौनपुर , दिसंबर 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी का संकल्प है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम न जुड़े।
उन्होंने कहा पहले मतदाता सूची में कई विसंगतियां होती थीं, जैसे एक व्यक्ति का कई स्थानों पर नाम होना या विलोपित व विस्थापित व्यक्तियों के नाम बने रहना, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित होता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। हालांकि, विपक्ष इस महत्वपूर्ण अभियान के बारे में जनता के बीच अनावश्यक भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।
भाजपा कार्यालय में एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की एवं मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा की पार्टी की ओर से बनाए गए बीएलए टू, बूथ प्रवासी, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक अपने-अपने बूथ पर बीएलओ के साथ मिलकर फॉर्म भरने का कार्य तेजी से पूरा करें विपक्ष इस अभियान को लेकर जनता में अनावश्यक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखती है। उन्होंने विपक्ष पर विदेश-प्रभावित विचारधाराओं से देश को अस्थिर करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने और सभी पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने में पूरी सहायता करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को भी मतदाता सूची को शुद्ध और सटीक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर लोगों की सहायता करें। मृत व्यक्तियों के नाम सूची से हटाने, नए पात्र मतदाताओं को शामिल कराने और आवश्यक दस्तावेजों को समय पर जमा कराने में जनता को मदद पहुंचाई जाए। उन्होंने प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर प्रक्रिया को गति देने की भी सलाह दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित