लखनऊ , फरवरी 9 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर संसद संचालन, विदेश नीति, बजट और किसानों के मुद्दों को लेकर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसद को सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी सरकार की है, लेकिन भाजपा विपक्ष के सवालों से बचना चाहती है।
सोमवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार चीन के मुद्दे पर घबराई हुई है, क्योंकि उसके कार्यकाल में चीन ने भारत की जमीन छीनी है। उन्होंने सवाल किया कि सरकार बताए कि वर्ष 2014 में देश का क्षेत्रफल कितना था और आज कितना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुनाफे के लिए भाजपा से जुड़े लोगों ने चीन से बड़े पैमाने पर सामान मंगवाना शुरू किया, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा। अब अमेरिका से भी सामान आने की बात कही जा रही है, जो देश के हित में नहीं है।
बजट पर चर्चा को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि संसद में बजट पर गंभीर बहस होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका से हुई ट्रेड डील के बाद कृषि उत्पाद बाहर से आएंगे, जिससे देश का किसान क्या करेगा, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने खेती और किसानी को खतरे में डाल दिया है और किसानों को संकट में धकेल दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पहले भी जब अर्थव्यवस्था खोलने की बात हुई थी, तब कहा गया था कि गरीब और किसान तरक्की करेंगे, लेकिन हकीकत यह है कि गरीब और ज्यादा गरीब हुआ है। अब तो भाजपा सरकार ने पूरा बाजार ही विदेशियों के लिए खोल दिया है। उन्होंने आशंका जताई कि पशुओं का चारा, सोयाबीन तेल और एथेनॉल तक बाहर से आएगा। ऐसे में झांसी स्थित ग्रास और फॉडर रिसर्च इंस्टीट्यूट जैसे संस्थानों का भविष्य क्या होगा, यह सवाल खड़ा होता है।
उत्तर प्रदेश की स्थिति पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश में अराजकता और भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश से आते हैं, फिर भी बांदा जेल से बड़ा स्क्रैप माफिया फरार हो गया। बड़े-बड़े माफिया जेल से भाग रहे हैं, विधायक और मंत्री तक अपहृत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे बड़ी अराजकता का उदाहरण और क्या हो सकता है।
भ्रष्टाचार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में पानी की टंकियां तक भ्रष्टाचार का भार नहीं सह पा रही हैं और भरते ही ढह जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित