नयी दिल्ली , दिसंबर 29 -- विनिर्माण क्षेत्र में आठ फीसदी की जबरदस्त तेजी के दम पर नवंबर में सालाना आधार पर देश का औद्योगिक उत्पादन 6.68 प्रतिशत बढ़ा।

यह औद्योगिक उत्पादन और विनिर्माण क्षेत्र में अक्टूबर 2023 के बाद 25 महीने की सबसे ज्यादा वृद्धि दर है। अक्टूबर 2023 में औद्योगिक उत्पादन 11.89 फीसदी बढ़ा था।

इससे पहले अक्टूबर 2025 में औद्योगिक उत्पादन 0.40 प्रतिशत और पिछले साल नवंबर में 4.96 प्रतिशत बढ़ा था।

केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में खनन क्षेत्र की वृद्धि दर 5.4 प्रतिशत रही जबकि बिजली उत्पादन में एक साल पहले की तुलना में 1.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी।

चालू वित्त वर्ष के पहले आठ महीनों में अप्रैल से नवंबर तक औद्योगिक उत्पादन में 3.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस दौरान विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन जहां 4.4 प्रतिशत बढ़ा, वहीं खनन क्षेत्र के उत्पादन में 0.9 फीसदी और बिजली उत्पादन में 0.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी।

विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि में सबसे अधिक योगदान देने वाले तीन क्षेत्रों में मोटर वाहन, ट्रेलर एवं सेमी ट्रेलर का उत्पादन (11.9 प्रतिशत), फार्माशूटिकल, औषधीय रसायन एवं बोटैनिकल उत्पाद (10.5 प्रतिशत) और बुनियादी धातुओं का उत्पादन (10.2 प्रतिशत) शामिल हैं।

उपयोग के आधार पर प्राथमिक वस्तुओं का उत्पादन दो प्रतिशत, पूंजीगत वस्तुओं का 10.4 प्रतिशत, मध्यवर्ती वस्तुओं का 7.3 प्रतिशत, निर्माण में काम आने वाली सामग्रियों का 12.1 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पादों का 10.3 प्रतिशत और गैर-टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं का 7.3 प्रतिशत बढ़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित