जयपुर , अप्रैल 19 -- केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयक का श्रेय सभी सांसदों को देने का वायदा किया था लेकिन इसके पारित नहीं होने के बाद विपक्ष का जश्न मनाना लोकतंत्र के इतिहास में बेहद शर्मनाक हैं।

श्रीमती ठाकुर ने रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आधी आबादी को निराश करने के बाद विपक्ष देश में राजनीति नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने हर योजनाओं में महिलाओं को केंद्र बिन्दु में रखते हुए उन्हें लागू किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए, 90 लाख बचत समूह से 10 करोड़ महिलाएं जुड़ी, 70 प्रतिशत से अधिक मातृ शक्ति स्वयं का रोजगार कर रही है। देश की माताओं बहनों का श्री मोदी के प्रति अट्टू विश्वास है। 16 और 17 अप्रैल को सबको इंतजार था, लेकिन विपक्ष ने इसमें रोड़े अटका दिए। सदन में प्रतिपक्ष के नेता का रवैया शर्म से सिर झुका देने वाला था।

उन्होंने कहा कि आज देश की आबादी 140 करोड़ हो गई इसलिए परिसीमन जरूरी है। परिसीमन के बाद किसी भी राज्य की सीटों को नुकसान नहीं होगा, इसका भी विश्वास श्री मोदी ने सभी राजनीतिक दलों को दिलाया लेकिन इन्होंने भ्रम फैलाया और देश की संसद और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण वाले इस संशोधन विधेयक का समर्थन नहीं किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित