पटना, मार्च 16 -- हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने सोमवार को कहा है कि पार्टी के सभी विधायकों ने बिहार के राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में मतदान किया है और उनकी दो विधायकों श्रीमती ज्योति देवी तथा दीपा कुमारी की विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात के बारे में भ्रम फैलाने की आवश्यकता नही है।
श्री शरण ने संवाददाताओं से कहा कि कुछ लोग अनावश्यक भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि श्रीमती दीपा कुमारी और ज्योति देवी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के कक्ष में गई थीं। उन्होंने कहा कि इसके राजनीतिक संकेत निकालने की आवश्यकता नही है।
हम के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी की दोनो विधायक अनजाने में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के कक्ष में चली गई थीं और इसमें उनकी कोई राजनीतिक मंशा नहीं थी।उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ राजग के साथ हैं और आगे भी बनी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने के बाद हम की दो विधायक केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की समधन ज्योति देवी और उनकी पुत्रवधू दीपा कुमारी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के कक्ष से निकलती हुई देखी गई थी और इसके बाद क्रॉस वोटिंग के कयास लगाए जाने लगे थे, जिसका खंडन हम के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री शरण ने किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित