बारां , अप्रैल 11 -- राजस्थान के बारां जिले के राजकीय शहीद राजमल मीणा जिला अस्पताल में हाल ही में हुए घटनाक्रम ने अब नए हालात उत्पन्न कर दिए हैं। जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र मेघवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जयपुर के निदेशक को भेजा है। इस्तीफे की प्रतिलिपि कार्यवाहक जिला कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी प्रेषित की गई है।

डॉ. मेघवाल ने अपने इस्तीफे में "विषम परिस्थितियों" का हवाला देते हुए पद से कार्यमुक्त किए जाने की बात कही है।

हालांकि उन्होंने स्पष्ट रूप से किसी कारण का उल्लेख नहीं किया, लेकिन घटनाक्रम के पीछे हाल ही में हुए राजनीतिक और प्रशासनिक दबावों को प्रमुख वजह माना जा रहा है।

दरअसल, शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक राधेश्याम बैरवा ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताई और कई खामियों को उजागर किया।

इस निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रबंधन और प्रशासनिक स्तर पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसके चलते पीएमओ का इस्तीफा सामने आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित