चित्तौड़गढ़ , फरवरी 14 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ स्थित एशिया के सबसे बड़े सीसा जस्ता संयत्र हिंदुस्तान जिंक में पहली बार भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध श्रमिक संगठन को मान्यता मिलने पर आयोजित सम्मेलन में चित्तौड़गढ़ एवं बेगू विधायक सुरेश धाकड़ ने स्थानीय को रोजगार नहीं देने पर चेताया है।

पुठोली स्थित संयत्र में आपनी स्थापना के बाद से ही मात्र इंटक संबद्ध श्रमिक संगठन की मान्यता के वर्चस्व को समाप्त करके प्रबंधन द्वारा भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध चंदेरिया लेड श्रमिक संघ को मान्यता मिलने पर आयोजित विशाल श्रमिक सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए श्री धाकड़ ने कहा कि इंटक के वर्चस्व को खत्म करना उनका पुराना सपना था जो आज पूरा हुआ है जिससे अब स्थानीय को रोजगार का मार्ग प्रशस्त हुआ है और इसके लिए संयंत्र पर ताले लगाने पड़े तो लगाएंगे।

विधायक चंद्रभानसिंह आक्या ने भी उनकी बात को दोहराते हुए कहा कि प्रबंधन सुधर जाए अन्यथा स्थानीय लोगों के हितों के लिए संघर्ष के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।

सम्मेलन में संघ के जिला संयोजक के रुप में रमेश वैष्णव एवं कार्यकारिणी की घोषणा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित