भोपाल , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश में आगामी 16 फरवरी से शुरु होने वाले विधानसभा के बजट सत्र के पहले कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से तीन मंत्रियों को बर्खास्त करने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ यादव को पत्र लिख कर कहा है कि उनसे अपेक्षा है कि बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण से पूर्व इन मंत्रियों राजेंद्र शुक्ल, विजय शाह और कैलाश विजयवर्गीय को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर जनभावनाओं का सम्मान करें। अन्यथा यह स्पष्ट संदेश जाएगा कि राज्य सरकार झूठ, अनैतिकता तथा देश की बेटियों और भारतीय सेना के अपमान का मौन समर्थन करती है।
श्री पटवारी ने कहा कि बजट सत्र में कई ऐसे मंत्री उपस्थित रहेंगे, जिनकी मंत्रिमंडल में उपस्थिति अब उपयोगिता से जुड़े उत्तर मांग रही है।
उन्होंने कहा, ''देश की बेटी एवं भारतीय सेना के अपमान के गंभीर आरोप - श्री विजय शाह, छिंदवाड़ा में जहरीली सिरप से दर्जनों मासूमों की मृत्यु हुई - स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, एक मंत्री जो अपने क्षेत्र की जनता को स्वच्छ पेयजल तक उपलब्ध कराने में असफल रहे - नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है कि सेना के अपमान, मासूमों की मौत और प्रशासनिक विफलताओं के बावजूद ऐसे मंत्री आज भी पद पर बने हुए हैं। इससे सरकार की नैतिकता, संवेदनशीलता और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।''कांग्रेस लगातार इन तीनों मंत्रियों के सरकार में बने रहने पर सवालिया निशान लगा रही है। इसी के चलते आगामी सत्र में भी ये मुद्दा जोरों से उठने की संभावना बनी हुई है। राज्य विधानसभा का आगामी बजट सत्र 16 फरवरी से प्रस्तावित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित