भोपाल , नवंबर 21 -- मध्यप्रदेश विधानसभा के सेंटर हाल में आज प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नरेश चंद्र सिंह राजा की जयंती पर पुष्पांजलि सभा आयोजित की गई। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्व. नरेश चंद्र सिंह राजा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। स्वर्गीय नरेश चंद्र सिंह राजा का जन्म 21 नवंबर 1908 को हुआ था।
स्व. नरेश चंद्र सिंह राजा ने अपने पिता स्वर्गीय राजा बहादुर जवाहर सिंह के राजकाल में शिक्षा मंत्री एवं प्रथम श्रेणी दंडाधिकारी के रूप में कार्य किया। वर्ष 1936-37 में महानदी की भयंकर बाढ़ के दौरान उन्होंने राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न वर्षों में कई आदिवासी सम्मेलनों की अध्यक्षता भी की।
1952 में वे विधानसभा सदस्य चुने गए और मंत्रिमंडल में लोक निर्माण, विद्युत तथा आदिवासी कल्याण विभाग के मंत्री बने। 1957 में वे पुनः आदिवासी कल्याण मंत्री रहे। स्व. नरेश चंद्र सिंह राजा ने 13 मार्च 1969 से 25 मार्च 1969 तक 12 दिनों के संक्षिप्त कार्यकाल में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में भी सेवा दी।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा पूर्व मुख्यमंत्रियों और पूर्व विधानसभा अध्यक्षों की जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित करने की परंपरा प्रारंभ की गई है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक भगवानदास सबनानी, विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा सहित विधानसभा के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित