चंडीगढ़ , अप्रैल 27 -- हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय सत्र की शुरुआत प्रदेश की दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। सत्र के प्रारंभ में सदन ने पिछले समय में दिवंगत हुई प्रमुख शख्सियतों को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखा और उनके प्रति गहरा शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) विधायक आदित्य देवीलाल और विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण सहित सभी सदस्यों ने पूर्व उपाध्यक्ष गोपी चंद गहलोत और पूर्व सांसद जंगबीर सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सदन में इन नेताओं के सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान और प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका को स्मरण किया गया।

सदन ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके साथ ही देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित