कोलकाता , मार्च 21 -- पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार स्वप्ना बर्मन के पिता पंचानन बर्मन का शनिवार तड़के निधन हो गया, जिससे विधानसभा चुनाव से पहले उनके चुनावी अभियान पर शोक की छाया पड़ गई है।

श्री पंचानन बर्मन का पिछले कुछ दिनों से बीमारी के कारण सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके स्वास्थ्य को लेकर अत्यंत चिंतित सुश्री स्वप्ना बर्मन ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना भी की थी।.सुश्री स्वप्ना बर्मन एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता रही हैं औऱ पिछले महीने के अंत में अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई थीं। उन्हें पार्टी ने 291 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा के बाद हाल ही में राजगंज से मैदान में उतारा था।

उन्होंने चुनाव प्रचार तो शुरू कर दिया था लेकिन अपने पिता के बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण उनकी देखभाल में वह ज्यादा व्यस्त थीं। पिता के निधन ने चुनाव से पहले इस महत्वपूर्ण मोड़ पर उन्हें शोक संतप्त कर दिया है।

सुश्री स्वप्ना बर्मन ने 2018 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद में चोट के कारण खेल जगत से दूरी बना ली थी और इस समय वह रेलवे में कार्यरत हैं।

तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें चुनावी मैदान में उतारने के निर्णय लिया। इस पहल को सत्ताधारी दल के राजबंशी समुदाय के बीच अपनी स्थिति मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

पार्टी में शामिल होने पर उन्होंने कहा था कि वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से प्रेरित हैं और लोगों के लिए काम करना चाहती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित