पटना , जनवरी 19 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने सोमवार को पार्टी के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एक करोड़ सदस्य बनाये जाने के लक्ष्य को पूरा कर उसी तरह इतिहास बनायें, जिस तरह बिहार की जनता ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति विश्वास व्यक्त कर राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में ऐतिहासिक फैसला दिया है।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री झा ने आज सदस्यता अभियान की वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव परिणाम ने विपक्ष के सारे नैरेटिव को पूरी तरह तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि मीडिया में श्री कुमार को लेकर जिस प्रकार की धारणाएँ गढ़ी जा रही थीं, उन्हें जनता ने ही नेस्तनाबूद कर दिया। लोगों के लिए यह आश्चर्य का विषय है कि 20 वर्षों के शासन के बाद भी मुख्यमंत्री श्री कुमार की लोकप्रियता का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। सामान्यतः राजनीति में ऐसा उदाहरण बहुत कम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार मौसम की परवाह किए बगैर हर समय जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की ग्रामीण सड़कों का मॉडल आज केंद्र सरकार भी अपना रही है, जो पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है।
श्री झा ने कहा कि मार्च के अंत तक पार्टी का संगठनात्मक चुनाव संपन्न होना है। इस दृष्टि से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सदस्यता लक्ष्य को पूरा करना आवश्यक है, इसलिए सभी साथियों को प्राथमिकता के साथ इस अभियान में जुटना है। हाल ही में विधानसभा चुनाव संपन्न हुए हैं और श्री कुमार के नेतृत्व में राजग को ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है। पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है, लिहाजा जिस तरह की सफलता पार्टी ने चुनाव में हासिल की है, उसी को सदस्यता अभियान में भी दोहराना है।
इस अवसर पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिहार की जनता के प्रेम और आशीर्वाद से श्री कुमार ने लगातार दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। जनता का जदयू पर अपार विश्वास है, इस लिहाज से हमें सदस्यता अभियान में रिकार्ड तोड़ सफलता हासिल करने का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सभी एकजुट होकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाने के लक्ष्य को निश्चित रूप से हासिल कर सकते हैं।
विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि किसी भी पार्टी की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उसके संगठन की जडें कितनी गहरी और मजबूत हैं। संगठन जितना सशक्त होगा, पार्टी उतनी ही मजबूती के साथ चुनाव में प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूती देने का एकमात्र माध्यम है, अधिक से अधिक ऐसे लोगों को पार्टी से जोड़ना, जो पार्टी की नीतियों और हमारे नेता के नेतृत्व में आस्था रखते हों।
बैठक के क्रम में आगामी 24 जनवरी को आयोजित होने वाली भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती को धूमधाम से मनाने को लेकर भी पार्टी नेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित