हरदोई , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम को देखते हुए हरदोई जिले में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। बीते 24 घंटों से जिले के प्रमुख कांग्रेस नेताओं के आवासों पर पुलिस की तैनाती की गई, वहीं रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लखनऊ जाने से रोकने की कोशिश की गई।
सोमवार सुबह हरदोई रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस को सूचना मिली कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय अपने कुछ साथियों के साथ लखनऊ जाने के लिए प्लेटफार्म पर पहुंच गए हैं। पंजाब मेल के स्टेशन पर आते ही पुलिस ने घेराबंदी तेज कर दी और ट्रेन में सवार होने का प्रयास कर रहे नेताओं को दौड़कर पकड़ लिया।
पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय, शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचाया, जहां सभी को नजरबंद कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है, ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
हालांकि कड़ी पुलिस निगरानी के बावजूद जिला महासचिव राजेंद्र वर्मा, पाली नगर अध्यक्ष अहद अली, योगेंद्र सिंह और विनोद यादव लखनऊ पहुंचने में सफल रहे। उधर, कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसे 'पुलिसिया दमन' करार दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित