पटना , अक्टूबर 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से बिहार विधानसभा चुनाव के लिये जारी 71 उम्मीदवारों की पहली सूची में विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव समेत दस विधायकों को बेटिकट कर दिया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह ने आज 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। सूची के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष और पटनासाहिब से सात बार के विधायक नंद किशोर यादव को बेटिकट कर दिया गया है। श्री यादव के स्थान पर रत्नेश कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है। इसी तरह रीगा से मोतीलाल प्रसाद, सीतामढ़ी से मिथिलेश कुमार, राजगनर से डा.रामप्रीत पासवान, नरपंतगंज से जयप्रकाश यादव ,गौराबौराम से स्वर्णा सिंह,औराई से राम सूरत कुमार, कटोरिया से डा. निक्की हेमब्रम, कुम्हरार से अरूण कुमार सिन्हा और आरा से पूर्व मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह को बेटिकट कर दिया गया है।
इस बार के चुनाव में भाजपा ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव को दानापुर से टिकट दिया है। श्री यादव ने वर्ष 2024 में पाटलिपुत्रा संसदीय सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पुत्री मीसा भारती ने पराजित कर दिया था।
भाजपा ने नौ महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है जिसमें बेतिया से रेणु देवी, परिहार से गायत्री देवी, नरपतगंज से श्रीमती देवंती यादव, किशनगंज से स्वीटी सिंह, प्राणपुर से निशा सिंह, कोढ़ा से कविता देवी, औराई से रमा निषाद, वारसलीगंज से अरुणा देवी और जमुई से श्रेयसी सिंह शामिल हैं।
भाजपा ने विक्रमगंज से कांग्रेस के विधायक सिद्धार्थ सौरभ को अवसर दिया है। उन्होंने पिछले चुनाव में भाजपा के अनिल शर्मा को हराया था। वह हाल ही में भाजपा में शमिल हुये हैं।
उल्लेखनीय है कि 12 अक्टूबर को बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीटों के बंटवारे पर समझौता हुआ था। सीट बंटवारे के तहत भाजपा 101, जनता दल यूनाईटेड (जदयू) 101, लोक जनशति पार्टी (रामविलास) 29, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित