कपूरथला , अक्टूबर 24 -- पंजाब के कपूरथला में पराली जलाने के बजाय खेतों में ही इसका निपटारा करने के उद्देश्य से किसानों को जागरूक करने के लिए विद्यार्थी भी "पर्यावरण मित्र" के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे।
इस संबंध में शुक्रवार को विद्यार्थियों द्वारा धान की पराली न जलाने का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उपायुक्त अमित कुमार पंचाल ने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को 'पर्यावरण मित्र' लोगो वाली टी-शर्ट वितरित की गयीं।
श्री पंचाल ने कहा कि जिले में इन विद्यार्थियों द्वारा हॉटस्पॉट पर विशेष ध्यान देकर किसानों को पराली न जलाने के लिए प्रेरित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्कूल की सुबह की प्रार्थना में भी विद्यार्थियों द्वारा पराली जलाने से होने वाले नुकसानों, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों और लाभकारी कीटों के नष्ट होने के बारे में जागरूक किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में पराली जलाने के नुकसान और पराली प्रबंधन के उपलब्ध तरीकों के प्रति जागरूकता के लिए व्याख्यान, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं और अन्य गतिविधियां करवायी जायेंगी।
उपायुक्त ने कहा कि धान की पराली जलाने से जहां जमीन की उपजाऊ शक्ति कम होती है, वहीं यह एक बड़े पर्यावरण संकट का कारण बनता है, जो इस धरती के हर जीव-जंतु के लिए घातक है। इसलिए किसानों को जागरूक करने के लिए यह अभियान शुरू किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित