श्रीगंगानगर , अप्रैल 09 -- विदेश में अच्छी नौकरी का सपना देखने वाले राजस्थान के श्री गंगानगर जिलेके अनूपगढ़ इलाके के एक युवक का सपना मात्र कुछ घंटों में टूटकर उस समय चूर-चूर हो गया जब दुबई एयरपोर्ट पर पैर रखते ही उसे एक महिला एजेंट ने एयरपोर्ट से ले जाकर एक कमरे में कैद कर लिया और उसका पासपोर्ट छीन लिया।
इसके साथ ही उससे 70 हजार रुपये भी लूट लिये। डराने-धमकाने के बाद जब युवक ने किसी तरह अपने रिश्तेदार की मदद मांगी, तभी जाकर वह भारत वापस लौट पाया। ठगी का यह मामला अब अनूपगढ़ पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार पीड़ित जसवंत सिंह चक-4 केएसएम ने श्रीकरणपुर निवासी धर्मपाल पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
जसवंत सिंह ने बताया कि वह विदेश में काम करने की इच्छा रखता था। धर्मपाल खुद को विदेश भेजने का एजेंट बताता था। उसने वर्क वीजा पर दुबई भेजने का आश्वासन देते हुए पांच लाख रुपये की मांग की।
जसवंत सिंह ने भरोसा कर 15 नवंबर को चार लाख 50 हजार रुपये नकद दिये। इसके बाद 28 नवंबर को चार हजार रुपये और पांच फरवरी को 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किये। कुल पांच लाख रुपये वसूलने के बाद भी धर्मपाल ने वर्क वीजा की जगह केवल दुबई का टूरिस्ट वीजा उपलब्ध कराया। उसने आश्वासन दिया कि बाद में वर्क वीजा की व्यवस्था हो जाएगी।
जसवंत सिंह 17 दिसंबर 2025 को दुबई पहुंचा,लेकिन वहां पहुंचते ही उनकी मुसीबत शुरू हो गयी। आरोपीकी महिला एजेंट एयरपोर्ट पर ही उसे ले गयी और एक कमरे में बंद कर दिया। एजेंट ने न केवल उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया, बल्कि उनके पास मौजूद लगभग 70 हजार रुपये भी छीन लिये। लगातार धमकियों के बाद युवक ने किसी तरह अपने एक रिश्तेदार से संपर्क साधा। रिश्तेदार की मदद से वापसी का टिकट करवाया गया और 31 दिसंबर 2025 को जसवंत सिंह भारत लौट आये।
घर पहुंचने के बाद जसवंत सिंह ने धर्मपाल से अपने पांच लाख रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपी टालमटोल करने लगा। गत 26 फरवरी को गांव में हुई पंचायत में भी धर्मपाल ने साफ इनकार कर दिया। आखिरकार जसवंतसिंह ने अनूपगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित