मुंबई , दिसंबर 26 -- देश का विदेशी मुद्रा भंडार 19 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 4.368 अरब डॉलर बढ़कर दो महीने के उच्चतम स्तर 693.318 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
यह लगातार तीसरा सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है। इससे पहले 12 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में इसमें 1.689 अरब डॉलर की वृद्धि हुई थी और यह 688.949 अरब डॉलर पर रहा था।
रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार का दूसरा सबसे बड़ा घटक स्वर्ण भंडार 2.623 अरब डॉलर बढ़कर 110.365 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर रहा।
आलोच्य सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 1.641 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 559.428 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसमें अमेरिकी डॉलर के अलावा यूरो, ब्रितानी पाउंड और जापानी येन शामिल हैं। इसका मूल्य डॉलर की तुलना में उनकी विनिमय दर के आधार पर तय किया जाता है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 9.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.782 अरब डॉलर पर और विशेष आहरण अधिकार 80 लाख डॉलर चढ़कर 18.744 अरब डॉलर हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित