मुंबई , जनवरी 09 -- देश का विदेशी मुद्रा भंडार 02 जनवरी को समाप्त सप्ताह में 9.809 अरब डॉलर घटकर पांच सप्ताह के निचले स्तर 686.801 अरब डॉलर पर आ गया।
इससे पहले विदेशी मुद्रा भंडार लगातार चार सप्ताह बढ़ा था। गत 26 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में यह 3.292 अरब डॉलर बढ़कर 696.61 अरब डॉलर पर रहा था।
विदेशी मुद्रा भंडार में नवंबर 2024 के बाद यह सबसे बड़ी गिरावट है।
रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 02 जनवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 7.622 अरब डॉलर घटकर 551.99 अरब डॉलर रह गया। इसमें अमेरिका डॉलर के अलावा जापानी येन, यूरो और ब्रितानी पाउंड भी शामिल हैं जिनका मूल्य डॉलर के मुकाबले उनके संदर्भ दर के आधार पर तय किया जाता है।
आलोच्य सप्ताह में स्वर्ण भंडार भी 2.058 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 111.262 अरब डॉलर रह गया। लगातार पांच सप्ताह बढ़ते हुए 113.32 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद स्वर्ण भंडार घटा है।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 10.5 करोड़ डॉलर घटकर 4.771 अरब डॉलर रह गया। विशेष आहरण अधिकार 2.5 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 18.778 अरब डॉलर दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित