विदिशा , अक्टूबर 26 -- विदिशा जिले में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन आगामी 30 अक्टूबर से 25 दिसंबर तक किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्तरों पर अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

विदिशा के सांसद और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज एक निजी होटल में पत्रकारों को संबोधित करते हुए जानकारी दी कि ग्रामीण स्तर पर रस्साकसी, कुर्सी दौड़ और चम्मच दौड़ जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। वहीं, ग्राम पंचायत से ऊपर के स्तर पर क्रिकेट और कबड्डी प्रतियोगिताएं भी जोड़ी जाएंगी।

श्री चौहान ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 30 अक्टूबर को विदिशा से होगा। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, और क्रिकेट जगत के दिग्गज कपिल देव की विशेष उपस्थिति रहेगी।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि खेल जीवन में स्वास्थ्य, उत्साह और आनंद का संचार करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है ताकि युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़े और स्वस्थ भारत का निर्माण हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित