पटना , फरवरी 11 -- बिहार विधानसभा ने बुधवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 12,165.43 करोड़ रुपये का तीसरा अनुपूरक बजट तथा इससे संबंधित बिहार विनियोग विधेयक 2026 पारित कर दिया।
वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के तीसरे अनुपूरक बजट पर हुई बहस का जवाब देते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए विभिन्न विभागों की अनुपूरक बजटीय मांगों के अनुरूप कुल 12,165.43 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि अनुपूरक बजट में केंद्र प्रायोजित योजनाओं में राज्यांश के रूप में 6,193.80 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि 6,193.80 करोड़ रुपये राज्य की बनाई गई योजनाओं से खर्च किए जाएंगे।
श्री यादव ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लिए 1,184 करोड़ रुपये तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 1,013 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी तरह राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लिए 122 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मंत्री ने बताया कि केंद्र प्रायोजित योजना "समग्र शिक्षा अभियान" में राज्यांश के रूप में 41.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
श्री यादव के जवाब के बाद सदन ने विपक्षी सदस्यों की अनुपस्थिति में ध्वनि मत से वित्तीय वर्ष 2025-26 के 12,165.43 करोड़ रुपये के तीसरे अनुपूरक बजट तथा इससे संबंधित बिहार विनियोग विधेयक 2026 को पारित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित