चंडीगढ़ , मार्च 19 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अपने अभियान के दौरान फरीदकोट जिले की जैतो मंडी में तैनात वेयरहाउस इंस्पेक्टर को 18,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने गुरूवार को बताया कि उपरोक्त आरोपी वेयरहाउस इंस्पेक्टर नरेश कुमार गोयल को फरीदकोट जिले के गाँव घानिया के एक निवासी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता एक आढ़ती (कमीशन एजेंट) के रूप में काम करता है और आरोपी इंस्पेक्टर आढ़तियों से फसल खरीदने का काम करता है। आरोपी इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 18,500 रुपये की रिश्वत की मांग की थी और धमकी दी थी कि यदि रिश्वत नहीं दी गई, तो वह मंडी से उसकी आने वाली गेहूं की फसल को उठाने नहीं देगा। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी इंस्पेक्टर अक्सर रिश्वत लेने के लिए किसानों से खरीदी गई फसलों में जानबूझकर झूठी कमियाँ निकालता था।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद, विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी इंस्पेक्टर को दो आधिकारिक गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से 18,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया ।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना फिरोजपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित