कपूरथला , अक्टूबर 27 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा समाज से भ्रष्टाचार के ख़ात्मे के लिए 27 अक्टूबर से दो नवंबर तक मनाये जा रहे विजिलेंस जागरूकता सप्ताह के तहत सोमवार को जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों/ कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार के ख़ात्मे की शपथ ली।
विजिलेंस ब्यूरो रेंज जालंधर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरप्रीत सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुसार, सहायक आयुक्त (जनरल) विशाल वाट्स और पुलिस उपाधीक्षक विजिलेंस ब्यूरो श्री जोगिंदरपाल ने अधिकारियों/कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा एंटी करप्शन एक्शन हेल्पलाइन नंबर 95012-00200 जारी किया गया है, जिसके माध्यम से किसी भी भ्रष्ट अधिकारी/ कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज की जा सकती है और विजिलेंस ब्यूरो द्वारा उस पर उचित कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने बताया कि युवाओं को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए ब्यूरो द्वारा इस सप्ताह के दौरान जिले भर में, विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों में, जागरूकता अभियान चलाया जायेगा और साथ ही सरकारी कार्यालयों में भी भ्रष्टाचार की रोकथाम के लिए अधिकारियों/कर्मचारियों को जागरूक किया जायेगा।
श्री जोगिंदरपाल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं और राज्य सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी नीतियों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित