नयी दिल्ली , मार्च 09 -- तमिल फिल्म अभिनेता और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख विजय ने कथित तौर पर करूर भगदड़ मामले में 10 मार्च को निर्धारित पूछताछ में उपस्थित होने से छूट देने का अनुरोध किया है।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विजय को 10 मार्च को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया था। इसके जवाब में विजय ने एजेंसी को पत्र लिखकर किसी अन्य तिथि पर पूछताछ के लिए बुलाने का अनुरोध किया है।
सूत्रों का कहना है कि सीबीआई इस संबंध में जल्द ही औपचारिक जानकारी दे सकती है। यह इस मामले में विजय से तीसरी बार पूछताछ होती।
इससे पहले 12 जनवरी और 19 जनवरी को उनका बयान दर्ज किया गया था। उनसे 12 जनवरी को करीब सात घंटे तक पूछताछ की गयी थी, जिसके बाद उन्हें जाने दिया गया। उस दिन विजय बिना मीडिया से बात किए तमिलनाडु रवाना हो गए थे।
जांच के दौरान एक प्रमुख सवाल ये भी था कि घटना वाले दिन विजय के कार्यक्रम के निर्धारित समय और उनके वहां पहुंचने के बीच करीब सात घंटे का अंतर क्यों हुआ? एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या इस देरी के कारण भीड़ बढ़ी और बाद में अफरातफरी की स्थिति बनी।
पहले दौर की पूछताछ में एजेंसी ने विजय से रैली की योजना, संभावित भीड़ के अनुमान, सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी और उनके देर से पहुंचने के कारणों सहित कई मुद्दों पर सवाल किए थे।
यह मामला पिछले वर्ष अक्टूबर में उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद तमिलनाडु पुलिस से सीबीआई को सौंपा गया था। एजेंसी ने अब तक पूछताछ के निष्कर्षों या नए समन के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर को विजय की पार्टी टीवीके की एक राजनीतिक रैली के दौरान भगदड़ मच गयी थी, जिसमें 41 लोगों की मौत हो गयी और सैकड़ों लोग घायल हो गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित