मैसूर , अक्टूबर 05 -- कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने बिहार चुनाव के बाद राज्य में राजनीतिक बदलाव की भविष्यवाणी करते हुये सत्तारूढ़ कांग्रेस में भ्रम की स्थिति की ओर इशारा किया है।

श्री येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के बीच सत्ता संघर्ष का उल्लेख करते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस विधायक नेतृत्व परिवर्तन पर खुलकर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व किसी प्रकार के बदलाव से इनकार नहीं कर रहा है जिससे संकेत मिलता है कि राज्य में राजनीतिक अस्थिरता हो सकती है।

संभावित राजनीतिक बदलावों के बीच भाजपा की भूमिका पर श्री येदियुरप्पा ने कहा कि पार्टी एक ज़िम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सीटें 66 से घटकर 63 हो गयी हैं लेकिन पार्टी राज्य के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करती रहेगी। उन्होंने कांग्रेस पर विकास का विरोध करने तथा गरीबों एवं किसानों के प्रति उदासीन होने का आरोप लगाया।

भाजपा नेता ने राज्य के कई हिस्सों खासकर उत्तरी कर्नाटक में बारिश एवं बाढ़ से हुयी तबाही,फसलें नष्ट हाेने और लोगों के विस्थापन पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह बयान जारी करने के बजाय किसानों की समस्याओं का समाधान करे।

श्री सिद्धारमैया और श्री शिवकुमार के बीच संभावित सत्ता-साझाकरण समझौते से कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज़ हो गई हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनावों के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण श्री शिवकुमार को उप-मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित