बैतूल , फरवरी 11 -- बैतूल कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को जनप्रतिनिधियों और जिला अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने विकास कार्यों की धीमी गति और लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सिंचाई, पेयजल, सड़क और बिजली जैसे मूलभूत कार्यों में अब किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता और समयसीमा से समझौता करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जल संसाधन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत विभाग, नगरीय प्रशासन और पीएमजीएसवाय सहित प्रमुख विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। विधायक श्री खंडेलवाल ने ढेकना सिंचाई परियोजना की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले को शत-प्रतिशत सिंचित बनाने के लक्ष्य में कोई भी परियोजना लंबित नहीं रहनी चाहिए। रामघाटी और शीतलझिरी परियोजनाओं की स्वीकृति प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करने तथा पारसडोह परियोजना की समस्याओं का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए गए।

ग्रीष्मकालीन पेयजल संकट को लेकर विधायक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि गर्मी में एक भी गांव प्यासा रहा तो जिम्मेदारी तय होगी। संभावित संकटग्रस्त गांवों की सूची तैयार कर हैंडपंप मरम्मत, नए जल स्रोतों की स्थापना और वैकल्पिक व्यवस्थाएं तत्काल लागू करने को कहा गया। आमला क्षेत्र की नल-जल योजनाओं में लापरवाही पर ठेकेदारों से वसूली तक की चेतावनी दी गई।

सड़क निर्माण और रखरखाव को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। पीएमजीएसवाय की सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जनपद सीईओ और एसडीएम से रैंडम जांच कराने तथा दोषी ठेकेदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। भोगीटेडा पुल, आमला-लादी मार्ग, मुलताई-नागपुर हाईवे और घोड़ाडोंगरी क्षेत्र के मार्गों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

नगरीय क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए बैतूल नगर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर विकास कार्यों को गति देने को कहा गया। प्रत्येक वार्ड में नए विद्युत पोल लगाने और प्रमुख मार्गों पर पोल शिफ्टिंग कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। नगर के लिए प्रस्तावित 18 करोड़ रुपये की पेयजल योजना का डीपीआर तत्काल प्रस्तुत करने को कहा गया।

विद्युत व्यवस्था को लेकर मोहटा सबस्टेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। भीमपुर क्षेत्र में 132 केवी ट्रांसफार्मर निर्माण को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में विधायक महेंद्र सिंह चौहान, चंद्रशेखर देशमुख, डॉ. योगेश पंडाग्रे, श्रीमती गंगाबाई उईके, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी वीरेंद्र जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि अब विकास कार्य फाइलों में नहीं बल्कि धरातल पर दिखने चाहिए, अन्यथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित