भोपाल , फरवरी 1 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट विकसित भारत@2047 के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में एक प्रभावी और दूरगामी कदम है। बजट में गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं और महिलाओं पर विशेष फोकस किया गया है। यह बजट विकास को और अधिक गति देगा तथा भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर ऊंचा स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आर्थिक प्रगति को बढ़ाना, जनसामान्य की उम्मीदों को पूरा करना और सबका साथ-सबका विकास की भावना बजट की प्रमुख विशेषताएं हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास एवं सभी शहरी आर्थिक क्षेत्रों पर पांच वर्षों में 5 हजार करोड़ रुपये खर्च करने, छोटे शहरों में तीर्थ स्थलों के विकास, प्रत्येक जिले में एक महिला छात्रावास के निर्माण और जिला अस्पतालों के अपग्रेडेशन की व्यवस्था से मध्यप्रदेश को विशेष लाभ होगा। डॉ. यादव ने डेली कॉलेज इंदौर में केंद्रीय बजट पर विषय-विशेषज्ञों से संवाद और विचार-विमर्श के बाद बजट 2026-27 पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बजट की सभी क्षेत्रों में व्यापक सराहना हो रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट में वस्त्र उद्योग क्षेत्र में सुधारों पर विशेष बल दिया गया है, जिससे मध्यप्रदेश को भी बड़ा लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मध्यप्रदेश को पीएम मित्र पार्क के रूप में टेक्सटाइल क्षेत्र की बड़ी सौगात दी है। इससे लगभग तीन लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और करीब छह लाख किसानों को लाभ होगा। इस पार्क से मालवा-निमाड़ अंचल औद्योगिक विकास की नई उड़ान भरने के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बजट में छोटे करदाताओं के लिए आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। राजकोषीय घाटे का लक्ष्य 4.3 प्रतिशत रखा गया है। राज्यों के लिए 1 लाख 40 हजार करोड़ रुपये का अनुदान प्रस्तावित किया गया है, जिससे मध्यप्रदेश को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत को बायोफार्मा हब बनाने, क्लिनिकल ट्रायल स्थलों के विकास और केयर इकोसिस्टम पर विशेष ध्यान देने के प्रावधान किए गए हैं। इससे बुजुर्गों के इलाज की बेहतर व्यवस्था होगी और गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित