लखनऊ , फरवरी 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला जनोन्मुखी बजट बताते हुए अभिनंदन और आभार व्यक्त किया है।

रविवार को पार्टी की तरफ से जारी बयान में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह बजट देश की आर्थिक मजबूती, सामाजिक संतुलन और दीर्घकालिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। बजट निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा होने के नाते उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने, युवाओं को दक्ष बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने में निर्णायक सिद्ध होगा। लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करने पर वित्त मंत्री को बधाई देते हुए उन्होंने इसे नारी नेतृत्व की सशक्त मिसाल बताया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट पं. दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय दर्शन को साकार करते हुए गरीब, मध्यमवर्ग, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान की मजबूत कड़ी है। आम बजट 2026-27 में दिल्ली-वाराणसी तथा वाराणसी-सिलीगुड़ी सहित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा को उन्होंने आधुनिक अवसंरचना और भरोसेमंद कनेक्टिविटी का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को नई उड़ान, युवाओं को रोजगार और ईज आफ डूइंग बिजनेस को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधा तथा पाँच औद्योगिक क्षेत्रों में कार्बन कैप्चर के लिए 20 हजार करोड़ का प्रस्ताव भी अहम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित