हैदराबाद , फरवरी 21 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विकसित भारत का एक प्रमुख लक्ष्य खाद्यान्न में आत्मनिर्भर होना है। उन्होंने संकल्प जताया कि देश अन्न, फल, सब्जियों और दूध के भंडारों से भरा होगा, ताकि देश को किसी के सामने हाथ न फैलाना पड़े, बल्कि भारत पूरी दुनिया की खाद्य जरूरतों को पूरा करने में सक्षम बने।

वह शनिवार को यहां 'राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान एवं प्रबंध अकादमी' (आईसीएआर -नार्म) के नए भवनों का उद्घाटन के अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 'विकसित भारत' के लक्ष्य को साझा करते हुए कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और किसानों के उत्थान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने वैज्ञानिकों और अधिकारियों से आह्वान किया कि किसान की आमदनी और उत्पादकता बढ़ाने तथा लागत घटाने के लिए निरंतर शोध और कार्य करने की आवश्यकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित