लखनऊ , फरवरी 11 -- उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट 2026-27 उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में शैक्षिक ढांचे को सुदृढ़ करने वाला दस्तावेज है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा पेश 9,12,696.35 करोड़ रुपये के बजट में उच्च शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2026-27 में उच्च शिक्षा के लिए 6,591 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7 प्रतिशत अधिक है। यह राशि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, डिजिटल संसाधनों के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने में सहायक होगी।

उन्होंने कहा कि छात्राओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से रानी लक्ष्मी बाई स्कूटी योजना के लिए 400 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं, जिससे मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। वहीं, मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के लिए 40 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है, जिससे विद्यार्थियों को उद्योगों के साथ जुड़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। जबकि छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए छात्र मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति प्रारंभ की जा रही है, जिसके लिए 14.50 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित