नयी दिल्ली , जनवरी 20 -- फ्रांस की विमान बनाने वाली कंपनी एयरबस विंग्स इंडिया 2026 में अपने विमानों और हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन करने के साथ संभावित तकनीकी पदों के लिए उम्मीदवारों की तलाश भी करेगी।

कंपनी ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह 28 से 31 जनवरी 2026 तक हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर आयोजित देश के प्रमुख एयरशो में एक इमर्सिव हेलीकॉप्टर सिम्युलेटर और अपनी एयरोस्पेस सेवाओं का पूरा पोर्टफोलियो प्रस्तुत करेगी।

कंपनी ने बताया कि आम लोगों के लिए खुले दिन पर कंपनी अपने स्टैंड पर 'मीट-एंड-ग्रीट' का आयोजन करेगी। इसमें कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी डिजिटल और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में संभावित पदों के लिए उम्मीदवारों से मुलाकात करेंगे। कंपनी विशेष रूप से बिग डेटा, आईओटी, एवियोनिक्स सॉफ्टवेयर और एयरफ्रेम इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में कुशल कर्मचारियों की तलाश करेगी।

विंग्स इंडिया में आगंतुक एयरबस के बेड़े के प्रमुख विमानों को नजदीक से देख सकेंगे, जिनमें ए321निओ भी शामिल है जो दुनिया का सबसे अधिक बिकने वाला बड़ा सिंगल-आइल वाला विमान है। इसके अलावा ए220 और एच160 हेलीकॉप्टर भी प्रदर्शित किया जायेगा, जो भारत में हेलीकॉप्टर विमानन को नये सिरे से परिभाषित कर रहा है। एच125 हेलीकॉप्टर भी प्रदर्शनी में शामिल होगा जो दुनिया का सबसे पसंदीदा सिंगल-इंजन और मल्टी-मिशन वर्कहॉर्स है और जिसे अब कर्नाटक के वेमागल में ही असेंबल किया जायेगा।

हॉल-ए के स्टैंड 11 पर एयरबस ट्विन-इंजन वाला एच145 हेलीकॉप्टर और सिंगल-आइल विमान ए321 एक्सएलआर को स्केल मॉडल्स के माध्यम से प्रदर्शित करेगा। इसी स्टैंड पर एच125 का वर्चुअल रियलिटी सिम्युलेटर होगा जिसका इस्तेमाल पायलट प्रशिक्षण के लिए किया जाता है।

एयरबस लाइफसाइकल सेवाओं का एक संपूर्ण सेट भी प्रदर्शित करेगा, जिसे विमान संचालन को सरल बनाने और बेड़े के प्रदर्शन को सर्वोच्च स्तर पर बनाये रखने के लिए डिजाइन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित