वाराणसी , अप्रैल 10 -- पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने गुरुवार रात को पुलिसकर्मियों द्वारा कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर एक निरीक्षक समेत 12 उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया। साथ ही इनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने थाना कैंट, शिवपुर एवं लालपुर-पाण्डेयपुर के निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के कार्य-प्रदर्शन की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य संकलन, बीडब्ल्यू/एनबीडब्ल्यू की तामील एवं गिरफ्तारी, बिना नंबर वाले वाहनों की सीजिंग तथा विपरीत दिशा में चलने वाले वाहनों पर की गई कार्रवाई की स्थिति का गहन परीक्षण किया गया।

अर्दली रूम में लंबित विवेचनाओं और कार्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर एक निरीक्षक समेत 12 उपनिरीक्षकों का प्रदर्शन अत्यंत खराब पाया गया। इन अधिकारियों के पास 60 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाएं, शिकायतों का असंतोषजनक निस्तारण, एनबीडब्ल्यू गिरफ्तारी में नगण्य प्रगति तथा यातायात उल्लंघनों पर कोई प्रभावी कार्रवाई न पाए जाने पर उन्हें तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी विवेचना 60 दिनों से अधिक लंबित न रहे तथा सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बीडब्ल्यू/एनबीडब्ल्यू वारंटों की त्वरित तामील, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, क्रेन से वाहनों को हटाने तथा ट्रैफिक पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित