वाराणसी , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत वाराणसी में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 2410 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है, जो लक्ष्य का 83 प्रतिशत है।
योगी सरकार ने योजना की सफलता को देखते हुए वर्ष 2026-27 के बजट में 1000 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की है। शनिवार को जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2900 सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना का लक्ष्य था। इसके सापेक्ष अब तक 2410 युवाओं को योजना का लाभ दिया जा चुका है।
इनमें से अधिकांश उद्योग स्थापित हो चुके हैं, जबकि शेष की स्थापना प्रक्रिया जारी है। विभाग ने लक्ष्य के 83 प्रतिशत लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुँचा दिया है और वित्तीय वर्ष समाप्त होने तक इसे शत-प्रतिशत करने का लक्ष्य है। योजना के माध्यम से प्रदेश सहित वाराणसी के युवाओं को सामाजिक सुरक्षा के साथ आर्थिक मजबूती भी मिल रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2410 युवाओं को कुल 108.30 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है, जिसमें 10.83 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि शामिल है। लाभार्थियों में 693 महिलाएँ और 1717 पुरुष शामिल हैं। इनमें मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की 1216 इकाइयाँ तथा सर्विस सेक्टर की 1194 इकाइयाँ हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित