वाराणसी , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में थाना शिवपुर क्षेत्र के चांदमारी मीरापुर बसही (नवलपुर) इलाके में सोमवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवां गांव निवासी कुलदीप कुमार (30) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नवलपुर, मीरापुर बसही में किराये के मकान में अकेले रह रहा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुलदीप की शादी आगामी 30 अप्रैल को तय थी। उसके पिता विनोद कुमार सेना से सेवानिवृत्त हैं। कुलदीप वाराणसी में रहकर नेटवर्किंग सिस्टम से संबंधित कार्य करता था और परिवार में दो बहनों का इकलौता भाई था।
पुलिस ने बताया कि युवक ने पंखे से रस्सी के सहारे लटककर जान दी। घटना की सूचना मकान मालिक ध्यान शंकर चौबे ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित