वाराणसी , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत ठटरा गांव की निवासी राज्यस्तरीय महिला पहलवान निधि सिंह (24) ने कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या कर ली।

निधि ने बुधवार को कीटनाशक का सेवन किया था। परिवारजनों को जैसे ही इसकी जानकारी हुई, उन्हें तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी हालत शुक्रवार को बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।

निधि के भाई शिवम ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था। परिजनों को समझ नहीं आ रहा है कि निधि ने ऐसा कदम क्यों उठाया। उनकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि शिवम प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। निधि की छोटी बहन हाई स्कूल की छात्रा है।

उल्लेखनीय है कि निधि के चाचा शिव प्रकाश सिंह ने भी वर्ष 2024 में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। निधि के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उनका पालन-पोषण दादा माता दयाल सिंह और दादी श्यामा सिंह ने किया था। निधि बसमट्टी महाविद्यालय से बी.एससी. की पढ़ाई कर रही थीं।

मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित