वाराणसी , दिसंबर 8 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले की कोतवाली पुलिस ने कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाने में पहले से दर्ज मुकदमों में धारा 26 डी एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 61(2), 318(2), 340(2) बीएनएस और धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत शुभम जायसवाल, भोला प्रसाद एवं अन्य के विरुद्ध चल रहे मामले में दोनों आरोपियों को कोतवाली परिसर से पूछताछ के बाद रविवार देर शाम गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत छल-कपट से जाली व कूटरचित दस्तावेज, फर्जी रेंट एग्रीमेंट तथा फर्जी अनुभव प्रमाण-पत्र तैयार कर ड्रग लाइसेंस हासिल किया और उसका दुरुपयोग कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की खरीद-फरोख्त के लिए किया। विभिन्न फर्मों से क्रय-विक्रय कर इन्होंने भारी आर्थिक लाभ कमाया। इनके द्वारा भोला प्रसाद की फर्म शैली ट्रेडर्स से पांच करोड़ रुपये से अधिक का सिरप खरीदा और बेचा गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास कोई वैध कागजात बरामद नहीं हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित