वाराणसी , मार्च 12 -- वाराणसी शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम पार्किंग प्रबंधन को व्यवस्थित करने की दिशा में कदम उठा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए निजी और सार्वजनिक पार्किंग संचालकों को अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम ने निजी पार्किंग संचालकों से एक सप्ताह के भीतर अपने परिसर में औसतन पार्क होने वाले वाहनों की संख्या, उपलब्ध खाली स्थान तथा संचालन पर होने वाले खर्च का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने को कहा है।

नगर निगम के अनुसार पार्किंग शुल्क को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इनका तार्किक समाधान करने के लिए निगम ने यह आंकड़े तलब किए हैं, ताकि शुल्क निर्धारण उचित और पारदर्शी तरीके से किया जा सके। इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के लिए विशेष 'पिक एंड ड्रॉप पॉइंट' बनाने की योजना पर भी जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने ऐसे स्थान चिह्नित करने के सुझाव मांगे हैं, जहां चालक केवल यात्रियों को उतारेंगे और तुरंत आगे बढ़ जाएंगे। इन स्थानों पर ऑटो या ई-रिक्शा खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।

इस व्यवस्था को लागू करने पर विचार के लिए ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों ने नगर निगम से 15 दिन का समय मांगा है। बैठक में सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, निजी पार्किंग संचालक, सार्वजनिक पार्किंग के ठेकेदार और ऑटो यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए सभी संबंधित पक्षों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित